
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष उत्सव के अंतर्गत मेहदावल नगर के विवेकानंद बस्ती पार्वती कन्या इंटर कॉलेज में हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ। भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्चन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ राजेश गुप्ता ने कहा कि देश के उत्थान के लिए प्रत्येक परिवार को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। इसके लिए बच्चों में बचपन से ही संस्कार के बीज बोने चाहिए।

मुख्य अतिथि अयोध्या से आए सन्त श्री अवधेश जी महाराज ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म सदैव से संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करता हुआ आ रहा है। भगवान राम कृष्ण हमारे आदर्श होने चाहिए। उनका जीवन हमारे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में हमें दिशा दिखाता है। इसलिए हमें धर्माचरण करते हुए सर्वसमाज के लिए जीवन जीना चाहिए।
मुख्य वक्ता के रूप में गोरक्ष प्रांत के बौद्धिक प्रमुख डॉक्टर अरविंद सिंह ने कहा कि हिंदुत्व जीवन पद्धति है भारत का प्राण है और सहिष्णुता इसकी पहचान है। इतिहास का परिचय कराते हुए कहा कि हमारा देश धर्म, दर्शन, विज्ञान, चिकित्सा, कृषि हर क्षेत्र में सिरमौर रहा है। हमें दुनिया को ज्ञान विज्ञान से समृद्ध किया है। लेकिन अतीत में जब भी हमारा समाज खंडित हुआ है। ऐसे समय में हमारे देश में विदेशी आक्रमण हुए है। लेकिन अब आपसी मतभेद भूलकर संपूर्ण हिंदू समाज को एकजुट होकर सनातन परंपरा को अक्षुण्ण रखना होगा और देश विरोधी शक्तियों को परास्त करना होगा।

इस अवसर पर क्षेत्र समाज के सैकड़ों हिंदू जनमानस उपस्थित रहे।






